सोनारी में व्यवसायी से रंगदारी मांगने व मारपीट का आरोप, थाना में लिखित शिकायत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।सोनारी थाना क्षेत्र के झबरी बस्ती स्थित एक गोदाम में व्यवसायी से रंगदारी मांगने, मारपीट करने और नगदी छीनने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बालाजी मार्बल के संचालक विश्वनाथ दीवान ने सोनारी थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 3 फरवरी 2026 की रात ट्रक संख्या RJ0GD9227 से आए टाइल्स को 4 फरवरी की सुबह गोदाम में उतारा जा रहा था। इसी दौरान महावीर सिंह, शशि प्रसाद उर्फ डॉक्टर, मिंटू, भानु ठाकुर एवं तीन-चार अन्य लोगों पर शराब के नशे में पहुंचकर गाली-गलौज करने, हथियार के बल पर माल उतारने से रोकने और एक लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया है।
व्यवसायी का आरोप है कि विरोध करने पर उन पर लोहे की रॉड से हमला किया गया तथा कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। साथ ही जेब से लगभग 15 हजार रुपये जबरन छीन लिए गए और ड्राइवर को गाड़ी में आग लगाने की धमकी दी गई। शोर मचाने पर आसपास के लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। घायल व्यवसायी ने इलाज कराने की भी जानकारी दी है।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, रंगदारी, मारपीट और धमकी देने के मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले की प्रतिलिपि वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को भी भेजी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

