काशीडीह रामलीला मैदान के पास आवारा सांडों पर कार्रवाई, दो पकड़े गए
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर के नगर क्षेत्र में आवारा सांडों की बढ़ती समस्या के समाधान के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज काशीडीह रामलीला मैदान के समीप प्रशासन ने कार्रवाई की। स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर त्वरित कदम उठाते हुए प्रवर्तन दल ने दो आवारा सांडों को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया।

शिकायत पर त्वरित कार्रवाई
क्षेत्रवासियों ने बताया कि सांडों के खुले में घूमने से यातायात बाधित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। सूचना मिलते ही नगर निकाय की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक सावधानी बरतते हुए दोनों सांडों को काबू में किया।
पकड़े गए दोनों सांडों को जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गौशाला भेज दिया गया है। पूरी कार्रवाई पशु क्रूरता निवारण नियमों का पालन करते हुए की गई।
पशु मालिकों को चेतावनी
नगर प्रशासन ने पशु मालिकों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें। नियमों का उल्लंघन करने पर नगर निकाय अधिनियम के तहत जुर्माना और अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर निकाय ने स्पष्ट किया है कि शहर में जन-सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

