जमशेदपुर में गणेश पूजा के दौरान हवाई फायरिंग का चौंकाने वाला मामला, आरोपी गिरफ्तार, हथियार

राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र में गणेश पूजा के दौरान आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में 26 अगस्त को हवाई फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। अचानक हुई इस फायरिंग से वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी और खौफ का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिटी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल राय को उसके ठिकाने से दबोचा है। छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और तीन जिंदा गोली बरामद की गई हैं। आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार भी कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के पीछे कोई और साजिशकर्ता शामिल तो नहीं था।

एसपी ने कहा कि धार्मिक आयोजनों को हिंसा और असुरक्षा से मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। गणेश पूजा के दौरान की गई हवाई फायरिंग सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है, जिस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने घटना की निंदा करते हुए आरोपी को सख्त सजा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की सराहना भी की है।

