सफाई कर्मियों की मांगों को लेकर यूथ इंटक का प्रदर्शन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सफाई कर्मियों की विभिन्न समस्याओं और उनके मूलभूत अधिकारों को लेकर झारखंड प्रदेश यूथ इंटक कमिटी ने अपर श्रम आयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन कर विभाग और नियोजकों से आवश्यक कार्रवाई की मांग की। कमिटी के अध्यक्ष सत्यम सिंह ने कहा कि सफाई कर्मियों को उचित वेतन, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
कमिटी की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में सफाई कर्मियों को 26 दिनों के बजाय पूरे 30 दिनों का मासिक वेतन देने की मांग की गई। साथ ही ठेका प्रथा समाप्त कर कर्मियों की सीधी स्थायी नियुक्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि उन्हें रोजगार में स्थिरता और सुरक्षा मिल सके।
ज्ञापन में पात्र सफाई कर्मियों को कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई), भविष्य निधि (पीएफ) और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा स्वास्थ्य बीमा, उचित चिकित्सा सुविधा और सुरक्षित कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराने की मांग की गई। यूथ इंटक कमिटी ने संबंधित विभाग और नियोजकों से सफाई कर्मियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की।

