भाजपा को संविधान गौरव दिवस मनाने का नैतिक अधिकार नहीं : विजय शंकर नायक
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने भाजपा पर लगाया संविधान के नाम पर राजनीतिक पाखंड करने का आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने 26 नवंबर को भाजपा द्वारा संविधान गौरव दिवस मनाने की घोषणा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि संविधान बदलने की पैरवी करने वाले भाजपा नेताओं के बयानों का जवाब दिए बिना संविधान गौरव दिवस मनाना राजनीतिक पाखंड है।
नायक ने वर्ष 2000 में संविधान समीक्षा आयोग के गठन, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े के संविधान बदलने संबंधी बयानों और नए संविधान की बहस का उल्लेख करते हुए भाजपा से अपनी वैचारिक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान केवल बाबा साहेब की तस्वीर पर पुष्प अर्पित करने से नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को अपनाने से साबित होता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान के नाम पर दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

