खेल को रोजगार बनाएं युवा, नशे से रहें दूर : संजीव सरदार
राष्ट्र संवाद संवाददाता, राजनगर
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर छोटा कुनाबेड़ा फुटबॉल मैदान में छोटानागपुर किसान क्लब की ओर से दिशोम सोहराय देश बांदना एवं दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। फाइनल मुकाबले में महुलडीह की टीम ने लिटेगोसा को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। फाइनल का उद्घाटन पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया।
प्रतियोगिता में झारखंड के अलावा ओडिशा और पश्चिम बंगाल की 64 टीमों ने हिस्सा लिया। आयोजन समिति की ओर से फुटबॉल की आठ टीमों के साथ देश बांदना और दिशोम सोहराय की टीमों को भी आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से झारखंड की परंपरा और संस्कृति को जीवित रखना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने युवाओं से खेल को रोजगार का माध्यम बनाने, बेहतर प्रशिक्षण लेने और क्षेत्र व राज्य का नाम रोशन करने की अपील की। साथ ही अच्छी शिक्षा, स्वरोजगार और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा नशापान से दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में झामुमो संगठन सचिव सुनाराम मुर्मू, मुखिया रायमनी हांसदा, समाजसेवी विप्लव पति सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे। आयोजन में समिति अध्यक्ष महेश बास्के, माझी बाबा राजेश माझी, जमाल हांसदा, कान्हू मुर्मू, करन मार्डी, राजन हांसदा, लखन मार्डी और भादो मुर्मू का योगदान रहा।

