राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा रेल मंडल में विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों के कारण 24 से 29 नवंबर तक रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने इस दौरान विभिन्न तिथियों में 10 मेमू ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों का आंशिक समापन और प्रारंभ होगा।
आद्रा-आसनसोल, आद्रा-भागा, आद्रा-मेदिनीपुर, आसनसोल-पुरुलिया और आद्रा-बराभूम मेमू ट्रेनें निर्धारित तिथियों में रद्द रहेंगी। टाटानगर-आसनसोल-बराभूम मेमू 24, 26, 27 और 29 नवंबर को आद्रा तक ही चलेगी।
वहीं, 25 और 28 नवंबर को टाटानगर से खुलने वाली ट्रेन संख्या 18601 टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग चांडिल, गुंडा बिहार और मुरी होकर चलेगी। 26 नवंबर को खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस (18035) 60 मिनट विलंब से रवाना होगी। इसके अलावा बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस (18184) को 24, 27 और 29 नवंबर को मार्ग में 45 से 60 मिनट तक नियंत्रित किया जा सकता है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति जांचने की अपील की है।
Headlines खबरें राज्य से चाईबासा जमशेदपुर जामताड़ा झारखंड दुमका धनबाद रांची संथाल परगना सरायकेला-खरसावां हजारीबाग

