गम्हरिया में खुला क्षेत्र का पहला कोल्ड स्टोरेज
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
गम्हरिया लैम्पस परिसर में स्थापित श्री साईं कोल्ड स्टोरेज का उद्घाटन बीडीओ नंदन झा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय किसानों और व्यवसायियों से कोल्ड स्टोरेज की सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।
संचालक धर्मदेव गिरी ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज की क्षमता करीब 500 मीट्रिक टन है। यहां किसान और स्थानीय व्यवसायी अपनी फसलों एवं सब्जियों को कम दर पर सुरक्षित रख सकेंगे। उन्होंने बताया कि गम्हरिया प्रखंड परिसर में संचालित यह क्षेत्र का पहला कोल्ड स्टोरेज केंद्र है।
मौके पर लैम्पस प्रशासक बसंत कुमार, हीराकृष्ण प्रसाद, राज कुमार गिरी, गौरीशंकर कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

