मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलन ‘ERUDITE 3.0’ संपन्न, 300 से अधिक छात्रों ने लिया हिस्सा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज (MTMC) में 21 और 22 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय स्नातक चिकित्सा सम्मेलन ‘ERUDITE 3.0’ संपन्न हुआ। सम्मेलन में देशभर से 300 से अधिक चिकित्सा छात्रों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य चिकित्सा अनुसंधान, वैज्ञानिक संवाद और शैक्षणिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना था।
सम्मेलन का उद्घाटन एम्स नई दिल्ली के मेडिसिन विभाग के अपर प्रोफेसर डॉ. उपेंद्र बैठा और CSIR-IGIB के मुख्य वैज्ञानिक एवं MTMC के कार्यवाहक डीन डॉ. मुहम्मद फारूक ने किया। इस दौरान मेटाबोलिक सिंड्रोम, मधुमेह, मोटापा और चिकित्सा अनुसंधान में करियर की संभावनाओं पर व्याख्यान दिए गए। कार्यक्रम में शोध-पत्र एवं पोस्टर प्रस्तुतियां, व्यावहारिक कार्यशालाएं, संगोष्ठियां और राष्ट्रीय स्तर की क्विज प्रतियोगिता आयोजित हुई। समापन समारोह में प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

