इंडेन प्लांट में गतिरोध बरकरार, कल डीसी के समक्ष होगी त्रिपक्षीय वार्ता
*श्रम अधीक्षक ने धरना स्थल का लिया जायजा, प्रबंधन के साथ दूसरे दौर की वार्ता बेनतीजा; अप्रशिक्षित ट्रक ड्राइवरों से कॉमर्शियल गैस रीफिलिंग पर समिति ने वरीय अधिकारियों के पास शिकायत पहुंचायी; भोंमरा माझी की अगुवाई में आंदोलन जारी; जिला कमेटी भी संग में, लेकिन केन्द्रीय कमेटी सदस्य नदारद*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
इंडेन बॉटलिंग प्लांट में नई वेंडर व्यवस्था के विरोध में विस्थापित एवं प्रभावित श्रमिक सहयोग समिति का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। गम्हरिया प्रखंड झामुमो अध्यक्ष भोंमरा माझी की अगुवाई में श्रमिक अपनी मांगों पर अड़े रहे और ड्यूटी पर नहीं लौटे। जिला उपायुक्त के निर्देश पर मंगलवार शाम श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर धरना स्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की मध्यस्थता में प्लांट प्रबंधन एवं समिति के सदस्यों के बीच वार्ता भी हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। अब बुधवार को उपायुक्त कार्यालय में त्रिपक्षीय वार्ता निर्धारित की गई है।
गौरतलब है कि समिति वर्ष 1988 के समझौते के आधार पर पिछले 38 वर्षों से प्लांट में मैनपावर उपलब्ध कराने का दावा करती है। समिति के अनुसार, इसके सदस्य प्लांट के जमीनदाता एवं विस्थापित परिवारों से जुड़े हैं। प्रबंधन द्वारा पुरानी व्यवस्था समाप्त कर नया वेंडर नियुक्त करने और दो शिफ्ट के स्थान पर एक जनरल शिफ्ट में काम कराने की तैयारी का विरोध किया जा रहा है। श्रमिकों को महीने में महज 12 दिन काम देने की प्रस्तावित व्यवस्था भी विवाद का प्रमुख कारण है।
इस बीच श्रमिकों के ड्यूटी पर नहीं जाने से घरेलू गैस सिलेंडरों की रीफिलिंग प्रभावित होने की बात सामने आई है। समिति ने आरोप लगाया है कि कमर्शियल गैस की रीफिलिंग का काम ट्रक चालकों से कराया जा रहा है। इसे गंभीर सुरक्षा जोखिम बताते हुए समिति ने आपत्ति जताई है और वरीय अधिकारियों से शिकायत किए जाने की जानकारी दी है। समिति का कहना है कि प्रशिक्षित श्रमिकों के स्थान पर अप्रशिक्षित लोगों से बॉटलिंग कार्य कराना पूरे गम्हरिया क्षेत्र की सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है।
आंदोलन में झामुमो की गम्हरिया प्रखंड कमेटी नेतृत्व कर रही है, जबकि सरायकेला जिला कमेटी अभिभावक की भूमिका में मौजूद है। केंद्रीय कमेटी के सदस्यों की अनुपस्थिति भी चर्चा में है। बुधवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में प्रस्तावित त्रिपक्षीय वार्ता पर अब विवाद के समाधान की उम्मीद टिकी है।

