वरिष्ठता की अनदेखी पर हाईकोर्ट सख्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। झारखंड हाईकोर्ट ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की वरिष्ठता की अनदेखी करने पर राज्य सरकार को कड़ी फटकार लगाई है। जस्टिस दीपक रोशन की एकल पीठ ने 2014 बैच के आईएएस अधिकारी पवन कुमार मंडल को बड़ी राहत देते हुए सरकार को छह सप्ताह के भीतर अपर सचिव या समकक्ष पद पर पदस्थापित करने का निर्देश दिया है।
अदालत ने पाया कि 2015 बैच के जूनियर अधिकारियों को अपर सचिव बना दिया गया, जबकि वरिष्ठ होने के बावजूद पवन कुमार मंडल को संयुक्त सचिव के पद पर ही रखा गया। कोर्ट ने कहा कि बिना किसी वैधानिक आधार के वरिष्ठ अधिकारी को जूनियर से नीचे के पद पर बनाए रखना मनमाना और अनुचित है।
मंडल को पदोन्नति के बाद 20 मई 2026 को 2014 बैच आवंटित किया गया था। राज्य सरकार ने संपत्ति विवरण ऑनलाइन जमा नहीं करने को पदस्थापना में देरी का आधार बताया। हालांकि, अधिकारी ने 22 जून 2026 को हार्ड कॉपी में संपत्ति का विवरण जमा कर दिया था।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि सरकार ऐसा कोई कानूनी प्रावधान नहीं बता सकी, जिसके तहत संपत्ति विवरण में देरी के आधार पर अधिकारी को वरिष्ठता के अनुरूप पद से वंचित रखा जा सके। गौरतलब है कि पवन कुमार मंडल जनवरी 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसे में अदालत ने उन्हें समयबद्ध राहत देने का निर्देश दिया है।

