राष्ट्र संवाद संवाददाता
बाढ़ अनुमंडल के लदमा गांव में इन दिनों उत्सव जैसा माहौल है। मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने वाली है। इस भव्य विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए गांव में युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं। शादी में लगभग चार लाख लोगों के पहुंचने की संभावना स्वयं अनंत कुमार सिंह ने जताई है।
समारोह की तैयारियां कई दिन पहले से ही शुरू हो चुकी हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए हलवाई और कैटरर्स मिठाइयां एवं तरह-तरह के पकवान तैयार करने में जुटे हैं। वहीं, शादी समारोह में मनोरंजन के लिए बॉलीवुड और भोजपुरी जगत के कई चर्चित गायकों को आमंत्रित किया गया है, जो अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
इस विवाह समारोह का एक प्रमुख आकर्षण भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी होगी। इसके लिए देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 150 उन्नत नस्ल के घोड़े लदमा पहुंच चुके हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले घोड़े के मालिक को थार गाड़ी, दूसरे स्थान पर आने वाले को बुलेट मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी पुरस्कार के रूप में दी जाएगी।
वहीं, जयमाला के लिए भी आकर्षक मंच तैयार किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, मंच की सजावट जयपुर के पत्रकार चौक की तर्ज पर की जा रही है।
कुल मिलाकर, अनंत सिंह की बेटी की यह शादी केवल एक पारिवारिक आयोजन नहीं, बल्कि लदमा गांव और पूरे बाढ़-मोकामा और बिहार के लिए एक भव्य एवं यादगार उत्सव बनने की ओर अग्रसर है!

