जिले में 49 और परिवारों ने नए आवास में किया गृह प्रवेश
*आठ दिनों में 726 लाभुकों को मिला पक्के मकान का उपहार*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत आयोजित गृह प्रवेश सप्ताह के दौरान मंगलवार को जिले के सभी नौ प्रखंडों में 49 लाभुक परिवारों ने अपने नवनिर्मित आवास में गृह प्रवेश किया। इस अवसर पर लाभुकों को पौधा, बधाई पत्र और आवास की चाबी भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं।
प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार चांडिल में 7, गम्हरिया में 4, ईचागढ़ में 5, खरसावां में 6, कुचाई में 3, कुकड़ू में 5, नीमडीह में 4, राजनगर में 9 और सरायकेला में 6 परिवारों ने नए घर में प्रवेश किया। विभिन्न पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि और पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
*आठ दिनों में 726 परिवारों का गृह प्रवेश*
17 से 24 नवंबर तक जिले में कुल 726 लाभुक परिवारों को उनके नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश कराया जा चुका है। इनमें चांडिल के 95, गम्हरिया के 73, ईचागढ़ के 76, खरसावां के 91, कुचाई के 59, कुकड़ू के 81, नीमडीह के 92, राजनगर के 89 और सरायकेला के 70 परिवार शामिल हैं। गृह प्रवेश सप्ताह के माध्यम से बड़ी संख्या में परिवारों का पक्के और सुरक्षित आवास का सपना साकार हो रहा है।

