घोड़ाबांधा में राशन वितरण को लेकर हंगामा, 3–4 महीने से अंगूठा लगाने के बावजूद नहीं मिल रहा अनाज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड सरकार की जन वितरण प्रणाली के अंतर्गत घोड़ाबांधा स्थित सरकारी सस्ता गल्ला दुकान पर गुरुवार को उस समय हंगामा हो गया, जब बड़ी संख्या में राशन कार्डधारियों ने अनाज नहीं मिलने का आरोप लगाया। लाभुकों का कहना है कि पिछले तीन से चार महीनों से वे बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए नियमित रूप से अंगूठा लगा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें राशन नहीं दिया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार उक्त सरकारी सस्ता गल्ला दुकान का संचालन अभिमन्यु कुमार सिंह द्वारा किया जा रहा है, जिनका लाइसेंस नंबर 32840.357.2021.10 बताया जा रहा है। राशन कार्डधारियों ने आरोप लगाया कि हर महीने उनका बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जाता है, लेकिन वितरण के समय यह कहकर टाल दिया जाता है कि राशन उपलब्ध नहीं है।
आक्रोशित लाभुकों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस पूरे मामले में संबंधित एमओ (मार्केटिंग ऑफिसर) और दुकानदार की मिलीभगत से अनियमितता की जा रही है। इस लापरवाही और कथित भ्रष्टाचार के कारण गरीब और जरूरतमंद परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
घटना से नाराज राशन कार्डधारियों ने दुकानदार का लाइसेंस तत्काल रद्द करने, बकाया राशन का वितरण सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

