मानगो नगर निगम पार्षद चुनाव: कई वार्डों से प्रत्याशियों ने भरा नामांकन, चुनावी माहौल गरमाया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर (मानगो)। मानगो नगर निगम में होने वाले पार्षद चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। गुरुवार को विभिन्न वार्डों से कई प्रत्याशियों ने संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी मैदान में उतरने की औपचारिक घोषणा की।

आज वार्ड संख्या 36 से पूजा कुमारी, वार्ड संख्या 5 से प्रवीण सिंह, वार्ड संख्या 35 से सुरेंद्र सिंह, वार्ड संख्या 14 से अश्विनी सिंह तथा वार्ड संख्या 10 से राज गुप्ता ने नामांकन दाखिल किया।

नामांकन के बाद प्रत्याशियों ने कहा कि वे मानगो क्षेत्र के समग्र विकास के संकल्प के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी प्राथमिकताओं में बेहतर सड़कें, साफ-सफाई, नियमित जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी व्यवस्था और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना शामिल है।

प्रत्याशियों ने यह भी भरोसा दिलाया कि पार्षद चुने जाने के बाद जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा तथा वार्ड स्तर पर पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाई जाएगी। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान देने की बात भी कही गई।

नामांकन के दौरान समर्थकों की भारी मौजूदगी रही और उन्होंने पूरे उत्साह के साथ अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में नारेबाजी की। नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

