
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टेल्को स्थित जमको आजाद बस्ती निवासी महेश मिश्रा को विश्व पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयन पत्र मिला है। पावरलिफ्टिंग स्पोर्ट्स ऑर्गेनाइजेशन (PSO) की ओर से 12 नवंबर को जारी पत्र के अनुसार, उनके खेल प्रदर्शन, मेहनत और योगदान के आधार पर उनका चयन किया गया है।
प्रतियोगिता 3 से 6 दिसंबर 2026 तक अमृतसर, पंजाब में आयोजित होगी। श्री बलभद्र मिश्रा के पुत्र महेश के चयन से परिवार और शहर के खेल प्रेमियों में खुशी है।
महेश मिश्रा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपनी मेहनत, परिवार, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों को देते हुए प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर देश और जमशेदपुर का नाम रोशन करने का संकल्प जताया। उन्होंने युवाओं से अनुशासन और नियमित अभ्यास के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की।

