
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा कंपनी के संवाद कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा के साथ हुई मारपीट की घटना को रतन तिर्की ने निंदनीय, शर्मनाक और चिंताजनक बताया है। उन्होंने टाटा कंपनी से संवाद कार्यक्रम को अविलंब बंद करने की मांग की है।
रतन तिर्की ने कहा कि देशभर के आदिवासियों को आमंत्रित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम और नृत्य-मनोरंजन कराने से समाज का विकास नहीं होगा। कंपनी को आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन, विस्थापन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और संवैधानिक अधिकारों पर सार्थक संवाद करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि पिछले कई वर्षों से आयोजित इस कार्यक्रम से आदिवासी समाज को क्या ठोस लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा झारखंड आंदोलन के महत्वपूर्ण स्तंभ रहे हैं। उनके साथ मारपीट की घटना पूरे झारखंडी समाज और आदिवासी अस्मिता से जुड़ा गंभीर मामला है। टाटा प्रबंधन को घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए निष्पक्ष जांच करानी चाहिए तथा दोषियों पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही आदिवासी समाज और झारखंड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
तिर्की ने कहा कि आदिवासियों को मंच पर नचाने से पहले उनके अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान का सम्मान करना जरूरी है।

