
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टैगोर सोसाइटी की ओर से 40वां जमशेदपुर पुस्तक मेला 20 से 29 नवंबर तक साकची स्थित रवींद्र भवन परिसर में आयोजित होगा। दस दिवसीय मेले में देशभर के प्रतिष्ठित प्रकाशक और पुस्तक विक्रेता शामिल होंगे। हिंदी, अंग्रेजी, बांग्ला, उर्दू सहित संथाली, हो और कुड़माली जैसी क्षेत्रीय भाषाओं की पुस्तकें भी उपलब्ध रहेंगी।
टैगोर सोसाइटी के महासचिव आशीष चौधरी ने बताया कि मेले में साहित्य, शिक्षा, विज्ञान, इतिहास, संस्कृति और बाल साहित्य की पुस्तकें प्रदर्शित की जाएंगी। साथ ही वाद-विवाद, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विद्यार्थियों को 30 हजार से अधिक नि:शुल्क प्रवेश पास दिए गए हैं।
सोसाइटी के अध्यक्ष एचएस पाल ने कहा कि डिजिटल युग में भी पुस्तकों का महत्व बरकरार है। वहीं, जमशेदपुर बुक फेयर कमेटी के चेयरमैन पार्थ सारथी सेन ने युवाओं से पुस्तकों को जीवन का हिस्सा बनाने और शहरवासियों से पुस्तक मेले में भागीदारी की अपील की।

