

जमशेदपुर। भालूबासा स्थित शीतल भवन में श्री श्याम भक्त मंडल की ओर से दीपावली मिलन सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बाबा श्याम की आराधना एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर दीपावली के दौरान समाज के लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां लागत मूल्य पर उपलब्ध कराने तथा सामाजिक सेवा में योगदान देने वाली जमशेदपुर की विभिन्न मारवाड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न एवं श्याम नाम का दुपट्टा देकर सम्मानित किया गया। रघुवर दास ने कहा कि व्यापारिक व्यस्तताओं के बावजूद मारवाड़ी समाज के लोग सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान देते हैं। उनकी सेवा भावना सराहनीय है। मंडल के संयोजक पवन अग्रवाल ने बताया कि दीपावली पर मारवाड़ी समाज की विभिन्न संस्थाओं ने दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की मिठाइयां लागत मूल्य पर वितरित कीं, जिससे 10 हजार से अधिक परिवार लाभान्वित हुए। उन्होंने सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम में साकची, गोलमुरी, काशीडीह, जुगसलाई, मानगो, कदमा, टेल्को एवं टुइलाडुंगरी सहित विभिन्न क्षेत्रों की संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। मौके पर मंडल अध्यक्ष मुरारी गोयल, सचिव बजरंग केवलका, संस्थापक मुरारी लाल डॉगबाजिया, महावीर अग्रवाल, राजू खंडेलवाल, अरुण अग्रवाल, बसंत अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। अंत में मालीराम अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

