
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर। औद्योगिक क्षेत्र स्थित आशियाना आदित्य सोसाइटी परिसर में आंवला नवमी का पर्व श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने आंवला वृक्ष की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। पूजा के बाद वृक्ष के नीचे विभिन्न प्रकार के पारंपरिक व्यंजनों का भोग लगाया गया। इसके पश्चात महिलाओं ने सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया। आंवला नवमी के अवसर पर आंवला वृक्ष की पूजा और उसकी छाया में भोजन करने की धार्मिक परंपरा रही है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए सोसाइटी की महिलाओं ने सामूहिक रूप से पर्व मनाया। आयोजन के दौरान परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा। इस अवसर पर उर्मिला देवी, सबिता झा, इंदु देवी, पुष्पा सिंह, रेखा, सुनीता वर्मा, रीता ठाकुर, रेणु झा, सुमन सिंह, रानी, राधिका, अर्चना सहित बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु उपस्थित रहीं।

