
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिहार एंड झारखंड एसोसिएशन ऑफ ओटोलैरिंगोलॉजिस्ट ऑफ इंडिया चैप्टर का 50वां स्वर्ण जयंती सम्मेलन 20 से 22 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस चिकित्सा सम्मेलन में देशभर के नामचीन ईएनटी (कान, नाक एवं गला) विशेषज्ञ और सर्जन शामिल होंगे। सम्मेलन के दौरान चिकित्सा क्षेत्र में हो रही नई तकनीकों, आधुनिक सर्जरी और उपचार की नवीनतम पद्धतियों पर चर्चा की जाएगी।
सम्मेलन का मुख्य आकर्षण चेन्नई और बेंगलुरु से होने वाली जटिल सर्जरी का लाइव प्रसारण होगा। इसमें चेन्नई के प्रसिद्ध सर्जन डॉ. रवि रामलिंगम और बेंगलुरु के डॉ. दीपक हल्दीपुर द्वारा की जाने वाली सर्जरी का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे चिकित्सकों को आधुनिक सर्जिकल तकनीकों और उपचार की बारीकियों को समझने का अवसर मिलेगा।
आयोजन में युवा ईएनटी चिकित्सकों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें साइंटिफिक पेपर और प्रतियोगी पेपर प्रस्तुतियों के जरिए युवा डॉक्टर अपनी शोध और चिकित्सा संबंधी उपलब्धियों को सामने रखेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चिकित्सकों को सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।

