
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पांच स्थानों पर इंटरकनेक्टिंग पाइपलाइन बिछाने का कार्य गुरुवार को शुरू किया गया। महापौर सुधा गुप्ता ने नारियल फोड़कर विधिवत कार्य का शुभारंभ किया।
योजना के तहत वार्ड संख्या 2 के समता नगर और मस्जिद के समीप, वार्ड संख्या 22 के बागान शाही, वार्ड संख्या 25 के बच्चे खान रोड तथा वार्ड संख्या 1 के गुलजार बाग मुख्य सड़क पर पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
कार्य पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में जलापूर्ति का दबाव बढ़ने और घरों तक पर्याप्त पेयजल पहुंचने की उम्मीद है। इससे हजारों परिवारों को राहत मिलेगी।
इस अवसर पर मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो के प्रत्येक नागरिक को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और पेयजल समस्याओं का स्थायी समाधान करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील की।

