
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर: जमशेदपुर में बदलेगा मौसम,20 नवंबर को पांचवीं तक की कक्षाएं स्थगित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ (Akvan) के प्रभाव से जमशेदपुर समेत कोल्हान के आसपास के इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), मौसम केंद्र रांची ने 20 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक का दो सप्ताह का विस्तारित मौसम पूर्वानुमान जारी किया है।
पूर्वानुमान के अनुसार, अगले सप्ताह जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना भी जताई गई है। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से तापमान और मौसम की परिस्थितियों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान और चेतावनियों पर नजर रखने की जरूरत है।
*बॉक्स*
चक्रवात ‘अकवान’ की चेतावनी, 20 नवंबर को पांचवीं तक की कक्षाएं स्थगित
जमशेदपुर। भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में 20 नवंबर को प्रवेश कक्षा से पांचवीं तक की पढ़ाई स्थगित रहेगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने आदेश जारी किया है। शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर शैक्षणिक कार्य करने का निर्देश दिया गया है।

