
धालभूमगढ़ में 15 परिवारों का गृह प्रवेश, 57 सखी मंडलों को मिले 67 लाख रुपये
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धालभूमगढ़। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत धालभूमगढ़ प्रखंड में गृह प्रवेश सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, उपायुक्त राजीव रंजन एवं उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों और स्वीकृति प्रमाण पत्रों का वितरण किया।
कार्यक्रम के दौरान अबुआ आवास योजना के तहत 15 लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के 37 लाभुकों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहन राशि, सर्वजन पेंशन योजना के 10 लाभुकों को पेंशन स्वीकृति का लाभ तथा 28 लाभुकों को मुद्रा ऋण उपलब्ध कराया गया।
वहीं सामुदायिक निवेश निधि (CIF) के तहत 57 सखी मंडलों को कुल 67 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया। इसका उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों और आजीविका को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के माध्यम से आवास, स्वरोजगार, महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। मौके पर बीडीओ बबली कुमारी सहित प्रखंड के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

