
उपायुक्त के निर्देशानुसार एमवीआई के नेतृत्व में स्कूली वाहनों की जांच की गई, 16 वाहन संचालकों से ₹1.64 लाख का जुर्माना वसूला गया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने तथा स्कूल वाहनों के परिचालन में निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं यातायात नियमों का अनुपालन कराने के उद्देश्य से उपायुक्त श्री राजीव रंजन द्वारा परिवहन पदाधिकारी को नियमित स्कूल वाहनों की जांच का निर्देश दिया गया है। इसी क्रम में एमवीआई श्री सूरज हेंब्रम के नेतृत्व में चलाए गए जांच अभियान के दौरान कुल 16 स्कूल वाहनों संचालकों से नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 1 लाख 64 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जांच अभियान के दौरान स्कूल वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों, वाहन संबंधी वैध प्रमाणपत्रों तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने में उपयोग किए जाने वाले वाहनों में निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था का होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि बच्चों की यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।
एमवीआई द्वारा स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने वाहनों का परिचालन निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही सुनिश्चित करें। वाहनों के आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

