

जमशेदपुर, 19 नवंबर। टाटा स्टील फाउंडेशन का पांच दिवसीय जनजातीय सम्मेलन ‘संवाद-2026’ गुरुवार देर शाम गोपाल मैदान में संपन्न हो गया। सम्मेलन के 13वें संस्करण में देश के 25 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के 165 जनजातीय समुदायों के लगभग 2500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें 55 प्रतिशत प्रतिभागी पहली बार शामिल हुए, जबकि 15 प्रतिशत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) से थे। झारखंड की 32 जनजातियों ने भी अपनी भागीदारी दर्ज कराई। समापन दिवस पर आदिवासी विरासत के संरक्षण और दस्तावेजीकरण को लेकर महत्वपूर्ण पहल हुई। संवाद फैलोशिप के पूर्व प्रतिभागियों द्वारा लिखित सात पुस्तकों का विमोचन किया गया। इन पुस्तकों में जनजातीय भाषा, खानपान, संगीत, मौखिक परंपरा, पारंपरिक वाद्ययंत्र, कृषि विरासत और वस्त्र संस्कृति को स्थान दिया गया। वहीं झारखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मिजोरम, पश्चिम बंगाल और केरल से सात नए फैलो का चयन किया गया। इनके शोध विषयों में चांगपा लोकगीत, उरांव मौखिक ज्ञान, मिजो संस्कृति, टोटो पर्व परंपरा और पारंपरिक हो खेल शामिल हैं। इस अवसर पर नौवें ‘समुदाय के साथ’ राष्ट्रीय लघु फिल्म प्रतियोगिता के परिणाम भी घोषित किए गए। प्रतियोगिता में 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 11 जनजातियों से 63 फिल्में प्राप्त हुईं, जिनमें 25 फिल्मों को अंतिम मूल्यांकन के लिए चुना गया। सामुदायिक श्रेणी में ‘अयदारी’ को पॉपुलर चॉइस, ‘द ट्रेल ऑफ पहुगुन’ को स्पेशल जूरी तथा ‘आगम’ और ‘चिन्हारी: स्याही पहचान की’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला। संस्थागत श्रेणी में ‘जमुना टुडू : द लेडी टार्जन’ को पॉपुलर चॉइस, ‘हक की आवाज’ को स्पेशल जूरी पुरस्कार तथा सौरव कुमार मुंडा की फिल्म ‘ए रिवर कलर्ड रेड’ को प्रथम पुरस्कार मिला। पुरस्कारों की घोषणा जनजातीय कार्य मंत्रालय के उप सचिव गणेश नागराजन, टाटा स्टील फाउंडेशन के निदेशक डीबी सुंदररामम और सीईओ सौरव रॉय की उपस्थिति में हुई। सौरव रॉय ने कहा कि संवाद केवल पांच दिनों का आयोजन नहीं, बल्कि आदिवासी समुदायों के ज्ञान, पहचान और परंपराओं को आगे बढ़ाने का सतत प्रयास है। तेजी से बदलती दुनिया में समुदायों को यह तय करना होगा कि क्या अपनाना है और अपनी पहचान से जुड़ी किन परंपराओं को सुरक्षित रखना है। पांच दिनों तक चले आयोजन में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों, जनजातीय खानपान, कला, हस्तशिल्प, संगीत और सांस्कृतिक विरासत पर संवाद हुआ। जोहार हाट में जनजातीय शिल्पकारों के उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जबकि आतिथ्य के माध्यम से विभिन्न समुदायों के पारंपरिक व्यंजनों से लोगों को परिचित कराया गया। संवाद-2026 ने एक बार फिर आदिवासी समुदायों को अपनी संस्कृति, ज्ञान और अनुभवों को अपनी आवाज में प्रस्तुत करने का मंच दिया। आयोजकों ने अगले वर्ष नवंबर में संवाद के अगले संस्करण के आयोजन की उम्मीद जताई।

