
आदिवासी महोत्सव के मंच से पुलिस का युवाओं को संदेश
*नशे और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने एवं सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए सामुदायिक पुलिसिंग में जनसहयोग की अपील*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, घाटशिला
झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मऊभंडार स्थित ताम्र मैदान में आयोजित तीन दिवसीय आदिवासी महोत्सव के समापन समारोह में घाटशिला पुलिस ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के मंच से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत पुलिस अधिकारियों ने खासकर युवाओं को मादक पदार्थों के दुरुपयोग, साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की।
पुलिस की ओर से लोगों को बताया गया कि नशे और साइबर अपराधों से दूर रहना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इन अपराधों की रोकथाम के लिए घाटशिला पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चलाने के साथ छापेमारी और कानूनी कार्रवाई भी करेगी। इस दिशा में आगे भी विभिन्न चरणों में कार्यक्रम आयोजित कर आम लोगों को जागरूक किया जाएगा।
पुलिस ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, स्वयंसेवी संगठनों, नागरिक समाज और प्रेस-मीडिया से सहयोग, मार्गदर्शन एवं समर्थन की अपील की। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और सुरक्षित समाज के निर्माण में जनभागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

