
*निखिल हत्याकांड : दो आरोपी गिरफ्तार; मुख्य साजिशकर्ता अब भी फरार
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
आदित्यपुर के कल्पनापुरी श्मशान घाट मैदान में हुए निखिल कुमार डे हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। हालांकि, पुलिस के अनुसार हत्या का मुख्य आरोपी करण सुरेन उर्फ डेले अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर को दोपहर करीब ढाई बजे श्मशान घाट मैदान में युवक की हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। मृतक की पहचान सोमनाथ डे के पुत्र निखिल कुमार डे के रूप में हुई।
गिरफ्तार आरोपियों में हरिओम नगर रोड नंबर पांच, इंद्रा बस्ती निवासी गणेश मुर्मू उर्फ डेबो (20) और सरायकेला थाना क्षेत्र के नुवागोड़ा निवासी अजीत सुरेन उर्फ गुडरू (19) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
जांच में सामने आया कि निखिल और करण पहले गहरे दोस्त थे, लेकिन हाल में हुए विवाद के बाद उनके बीच रंजिश पैदा हो गई थी। इसी विवाद में करण ने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल फोन, खून लगे कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। वारदात का वीडियो बनाए जाने की बात भी पुलिस जांच में सामने आई है।

