
टाटा कंपनी द्वारा जमशेदपुर में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा के साथ हुई मारपीट की घटना बेहद निंदनीय, शर्मनाक और चिंताजनक है। जिस कार्यक्रम में देशभर के आदिवासियों को आमंत्रित किया जाता है, उसी कार्यक्रम में एक वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी के साथ इस तरह की घटना होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
टाटा कंपनी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर संवाद कार्यक्रम का वास्तविक उद्देश्य क्या है? देशभर से आदिवासियों को बुलाकर सांस्कृतिक नृत्य और मनोरंजन के आयोजन करने भर से आदिवासी समाज का विकास नहीं होगा। आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन, विस्थापन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और संवैधानिक अधिकारों पर कितना सार्थक संवाद हो रहा है? पिछले कई वर्षों से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम से आदिवासी समाज को क्या ठोस उपलब्धि हासिल हुई है? टाटा कंपनी को इसका हिसाब देना चाहिए।
यदि इस तरह के कार्यक्रमों से आदिवासी समाज को कोई वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा है और भविष्य में भी उनके जीवन में कोई सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद नहीं है, तो ऐसे आयोजनों का क्या औचित्य है? केवल नाच-गाने और सांस्कृतिक प्रदर्शन के नाम पर आदिवासियों को एकत्रित करने का कोई मतलब नहीं है। टाटा कंपनी को ऐसे कार्यक्रमों पर पुनर्विचार करना चाहिए और यदि आदिवासी समाज के हित में कोई ठोस परिणाम नहीं निकलता है, तो इस तरह के आयोजनों को बंद कर देना चाहिए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब टाटा के अपने आयोजन में एक वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी के साथ मारपीट की घटना हो जाती है, तो कंपनी का प्रबंधन क्या कर रहा है? आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारी किसकी थी? कंपनी इस पूरे मामले पर चुप क्यों है?
सूर्य सिंह बेसरा कोई सामान्य व्यक्ति नहीं हैं। उन्होंने झारखंड आंदोलन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके साथ इस तरह का व्यवहार पूरे झारखंडी समाज और आदिवासी अस्मिता से जुड़ा गंभीर विषय है।
टाटा कंपनी को इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही टाटा कंपनी को आदिवासी समाज और झारखंड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
आदिवासियों को मंच पर नचाने से पहले उनके अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान का सम्मान करना सीखना होगा।
— रतन तिर्की
झारखंड आंदोलनकारी सह पूर्व सदस्य,
जनजातीय सलाहकार परिषद (TAC), झारखंड

