
आदित्यपुर : औद्योगिक क्षेत्र की ओमनी ऑटो लिमिटेड, यूनिट-3 में बुधवार को श्रमिकों का आक्रोश खुलकर सामने आया। अपनी नौ सूत्री मांगों को लेकर कंपनी के मजदूरों ने मुख्य गेट जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और प्रबंधन के समक्ष अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। मजदूरों के इस विरोध से कंपनी परिसर में हलचल की स्थिति बनी रही.
प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें काम के अनुरूप उचित वेतन, ओवरटाइम का नियमानुसार भुगतान, निर्धारित कार्य अवधि और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों ने स्पष्ट किया कि सम्मानजनक कार्य वातावरण और श्रम नियमों के अनुरूप सुविधाएं उनका अधिकार हैं.
श्रमिकों की नौ सूत्री मांगों में काम और पद के अनुसार उचित वेतन, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, आठ घंटे की ड्यूटी के बाद जबरन काम नहीं कराने, अधिकारियों द्वारा दुर्व्यवहार पर रोक, प्रत्येक भुगतान के साथ वेतन पर्ची तथा कैंटीन की व्यवस्था शामिल है.
इसके अलावा पांच वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी करने, इस्तीफा देने वाले श्रमिकों के मामलों में नियमानुसार प्रक्रिया अपनाने, बिना उचित कारण नौकरी से नहीं हटाने और नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों को एक महीने के भीतर ग्रेच्युटी भुगतान करने की मांग भी उठाई गई.
मजदूरों ने प्रबंधन से सभी नौ मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द वार्ता करने और समाधान निकालने की अपील की है, अब निगाहें कंपनी प्रबंधन के रुख पर टिकी हैं। देखना होगा कि श्रमिकों की मांगों पर प्रबंधन क्या पहल करता है और औद्योगिक क्षेत्र में उत्पन्न यह गतिरोध बातचीत के जरिए कब समाप्त होता है.

