
तीन राज्यों के व्यापारिक संगम पर अंधेरे का पहरा
*बंद स्ट्रीट लाइटों से हादसों और अपराध का खतरा*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बहरागोड़ा
झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की सीमाओं को जोड़ने वाले प्रमुख व्यापारिक केंद्र बहरागोड़ा में रोशनी की व्यवस्था बदहाल है। राष्ट्रीय राजमार्ग-18 और राष्ट्रीय राजमार्ग-49 के मिलन बिंदु सहित बहरागोड़ा ओवरब्रिज पर लगी स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। सूरज ढलते ही पूरा व्यस्त इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है।
दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों पर दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में ओवरब्रिज पर रोशनी नहीं होने से सड़क के मोड़, खामियां और पैदल चलने वाले लोग दूर से दिखाई नहीं देते। तेज रफ्तार वाहनों के बीच दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, छोटी-मोटी दुर्घटनाएं भी अक्सर होती रहती हैं।
अंधेरे का असर सुरक्षा पर भी पड़ रहा है। मुख्य चौक और ओवरब्रिज के निचले हिस्से में रात के समय असुरक्षा का माहौल रहता है। देर रात बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों को छिनतई जैसी घटनाओं का डर सताता है। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अंधेरे में पैदल आवागमन करना भी मुश्किल हो गया है।
लाखों रुपये की लागत से लगाई गई प्रकाश व्यवस्था के लंबे समय से बंद रहने पर स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि संबंधित विभाग रखरखाव को लेकर उदासीन बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से तत्काल हस्तक्षेप कर खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात सुरक्षित और आवागमन भयमुक्त हो सके।

