
पोटका के 10 परिवारों के सपनों को मिला अपना आशियाना
*विधायक संजीव सरदार ने सौंपी चाबी, उपहार और परिग्रह पत्र, लाभुकों ने लौटाया खुशी के आंसू*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को पोटका पंचायत भवन में गृह प्रवेश एवं परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक संजीव सरदार ने अबुआ आवास योजना के 10 लाभुकों को परिग्रह पत्र, उपहार और सांकेतिक रूप से घर की चाबी सौंपकर नए घर की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक आवास का फीता काटकर उद्घाटन भी किया।
इस अवसर पर भीबीजी रामजी योजना के तहत दो जीएसबी सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें प्राथमिक विद्यालय टांगरसाई के इमली पेड़ के नीचे से नदी पुलिया तक तथा टुइली सरदार के घर के सामने से जाहेरथान तक सड़क निर्माण शामिल है।
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से तत्परता के साथ काम करने और ग्रामीणों को योजनाओं की सही जानकारी देकर लाभान्वित करने की अपील की।
बीडीओ अरुण कुमार मुंडा ने बताया कि 21 नवंबर तक प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में अबुआ आवास लाभुकों का गृह प्रवेश कराया जाएगा। अभियान की शुरुआत पोटका पंचायत से हुई है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एडीएम मुकेश मछुआ, मुखिया पानो सरदार एवं सावित्री हांसदा, पंचायत समिति सदस्य छबि दास, ग्राम प्रधान अमल रंजन सरदार, झामुमो नेता सुधीर सोरेन, प्रखंड समन्वयक गुरुचरण महतो, राजेश प्रसाद, लीला सोलंकी, गौतम मल्लिक और बीपीएम मंटू कुमार मुंडा सहित अन्य उपस्थित थे।

