*सत्यनिष्ठा की शपथ के साथ एनआईटी में मना राष्ट्रीय एकता दिवस
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
सरदार पटेल की जयंती पर आज एनआईटी जमशेदपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सुबह सात बजे सत्यनिष्ठा की शपथ से हुई। इसके बाद प्रभात फेरी निकालकर एकता, अनुशासन और ईमानदारी का संदेश दिया गया।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता, नैतिकता और जवाबदेही बनाए रखने का संकल्प लिया। प्रभात फेरी के जरिए भ्रष्टाचार मुक्त राष्ट्र के निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।
संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने आयोजन में सहभागिता की। इस अवसर पर प्रभारी कुलसचिव प्रो. सरोज कुमार सारंगी, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अशोक कुमार, योजना एवं विकास अधिष्ठाता प्रो. शशि भूषण, मुख्य सतर्कता अधिकारी प्रो. वीरेंद्र कुमार और एनएसएस समन्वयक डॉ. जयेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे। सतर्कता जागरूकता सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मनाया जा रहा है।

