केरूआडूंगरी के सात सरकारी स्कूलों में भवन व चारदीवारी निर्माण की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
केरूआडूंगरी पंचायत के सात सरकारी विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, चारदीवारी निर्माण और जर्जर भवनों की मरम्मत की मांग उठाई गई है। पंचायत के मुखिया कान्हु मुर्मू ने इस संबंध में उप विकास आयुक्त, पूर्वी सिंहभूम को आवेदन सौंपकर डीएमएफटी एवं अन्य जिला योजना मद से कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति देने का आग्रह किया है।
आवेदन में प्राथमिक विद्यालय गुरूहडीह, केरूआडूंगरी, भुरुडीह, निश्चितपुर, तुरामडीह और चांगीरा तथा मध्य विद्यालय भीतरदारी में निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराने का प्रस्ताव दिया गया है। इनमें अतिरिक्त कक्षों का निर्माण, चारदीवारी और भवनों का मरम्मतीकरण शामिल है।
मुखिया ने कहा कि आधारभूत सुविधाओं की कमी से विद्यार्थियों को पठन-पाठन में परेशानी होती है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलना चाहिए। इसके लिए पर्याप्त कक्ष, सुरक्षित परिसर और आवश्यक सुविधाओं का विकास जरूरी है।
उन्होंने प्रशासन से योजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देकर क्रियान्वयन कराने की मांग की, ताकि पंचायत के सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार हो सके।

