चाकुलिया थाना का ग्रामीण एसपी ने किया निरीक्षण, लंबित कांडों और विधि-व्यवस्था की समीक्षा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शुभम खंडेलवाल ने शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को चाकुलिया थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विकास आनंद लागुरी एवं धालभूमगढ़ के पुलिस निरीक्षक अजय कुमार सिंह उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान थाना के विभिन्न अभिलेखों, लंबित कांडों, विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई एवं पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। थाना में संधारित पंजियों एवं अभिलेखों का अवलोकन कर संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ग्रामीण एसपी ने आम जनता की शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने, क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस के तहत बागबेड़ा में अवैध जुआ संचालन के आरोप में चार गिरफ्तार
जमशेदपुर। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में जिले में संचालित ‘ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस’ के तहत पुलिस ने बागबेड़ा थाना क्षेत्र में अवैध जुआ संचालन के आरोप में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार सभी चार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जमशेदपुर पुलिस की ओर से वरीय पदाधिकारियों से लेकर आरक्षी स्तर तक अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। ऑपरेशन के तहत अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

