नशे से दूरी का पाठ, कानून और सेहत की बात
*डीबीएमएस करियर अकादमी में मिशन निर्माण के तहत संगोष्ठी, विद्यार्थियों ने लिया संकल्प*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जमशेदपुर
कदमा स्थित डीबीएमएस करियर अकादमी में मिशन निर्माण के तहत नशामुक्त युवा जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। लक्ष्मी सुरभि संस्था, जमशेदपुर पुलिस और विद्यालय प्रबंधन के संयुक्त आयोजन में विद्यार्थियों को नशे के मानसिक-शारीरिक दुष्प्रभाव, इससे जुड़े अपराध और बचाव के उपाय बताए गए।
कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने नशे से जुड़े अपराधों और आपात स्थिति में पुलिस की मदद लेने की जानकारी दी। महिला थाना प्रभारी रूपा पाल ने एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों तथा नशे के सेवन और अवैध कारोबार के कानूनी परिणाम समझाए। मनोचिकित्सक डॉ. हर्षिणी शालिन ठाकुर ने बताया कि नशा सोच, व्यवहार और निर्णय क्षमता को प्रभावित करता है। उन्होंने समय पर सहायता और सकारात्मक सोच अपनाने पर जोर दिया।
लक्ष्मी सुरभि के अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी, सचिव राजेंद्र प्रसाद, अरुण लिखमानिया और प्राचार्या सोमा बनर्जी सहित संस्था के सदस्य, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद थे। अंत में अच्छे नशे को अपनाने और बुरे नशे से दूर रहने का संकल्प लिया गया।

