बागबेड़ा निवासी शिवा पात्रो की नृशंस हत्या में मुख्य आरोपी राजा पाल नाबालिग के साथ गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना पुलिस ने विद्युत नगर क्षेत्र में 21 दिसंबर को हुई बागबेड़ा निवासी शिवा पात्रो की निर्मम हत्या का सफल उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी राजा पाल (उम्र 33 वर्ष) को एक नाबालिग किशोर के साथ गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी फिलहाल बागबेड़ा का रहने वाला है, जबकि उसका स्थायी पता रायपुर, छत्तीसगढ़ बताया गया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद राजा पाल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, वहीं नाबालिग को रिमांड होम भेजा गया है। पुलिस के अनुसार 21 दिसंबर को विद्युत नगर जेएमटी-2 के समीप झाड़ियों से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था, जिसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। सरायकेला एसडीपीओ समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इनपुट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की। जांच में खुलासा हुआ कि पैसे को लेकर हुए विवाद में शिवा पात्रो की हत्या की गई थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सीएनजी ऑटो (नंबर JH 05 DS 7322), चाकू और मृतक की चप्पल बरामद की है। इस पूरे अभियान में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की और तकनीकी शाखा के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है।

