नेत्र ज्योति महायज्ञ–2026 के दूसरे दिन 173 नेत्र रोगियों का ऑपरेशन, आधुनिक ओटी में हुआ लेंस प्रत्यारोपण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 4 जनवरी। रेड क्रॉस के पेट्रन एवं समाजसेवी स्व. के. के. सिंह की स्मृति में आयोजित नेत्र ज्योति महायज्ञ–2026 के दूसरे दिन नेत्र ऑपरेशन सत्र का शुभारंभ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती उर्मिला सिंह, पुत्री उषा सिंह, छगनलाल दयालजी सन्स के चेयरमैन आश्विन आडेसरा, नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, समाजसेवी चन्द्रमोहन सिंह एवं राकेश मिश्र ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

ऑपरेशन सत्र के दौरान डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. मलय द्विवेदी, डॉ. विवेक केडिया, डॉ. आनंद सुश्रुत, डॉ. विनायक एवं उनकी चिकित्सीय टीम ने नये आधुनिक ऑपरेशन थियेटर में 173 नेत्र रोगियों का सफल ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया।
दूसरे दिन 160 नेत्र रोगियों की जांच की गई, जिनमें से 26 का चयन ऑपरेशन के लिए किया गया, जबकि शेष को 10 व 17 जनवरी की तिथि दी गई। सोमवार को 152 नेत्र रोगियों के ऑपरेशन किए जाएंगे।
शिविर के सफल संचालन में रेड क्रॉस सोसाइटी पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष आशुतोष पारीक तथा राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुंद गोयल की देखरेख में कार्यकर्ताओं व यूथ रेड क्रॉस के सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

