डिस्पैच सेंटर से चाकुलिया, जुगसलाई व मानगो की पोलिंग पार्टियां रवाना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर से चाकुलिया नगर पंचायत, जुगसलाई नगर परिषद और मानगो नगर निगम के लिए पोलिंग पार्टियों को विधिवत रवाना किया गया। निर्वाचन कार्य को लेकर सुबह से ही परिसर में चहल-पहल बनी रही और मतदान सामग्री वितरण की प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होती रही।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी ने डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर मतदान सामग्रियों एवं मतपेटिकाओं के वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुनिश्चित करने को कहा कि सभी पोलिंग पार्टियों को समय पर और सही ढंग से सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पोलिंग पार्टियों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन हर स्तर पर सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों की निगरानी में पोलिंग पार्टियां निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं। प्रशासन ने विश्वास जताया है कि सभी क्षेत्रों में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

