स्कूली बच्चों का जंगल से जुड़ाव बढ़ाने की पहल, पांच स्कूलों के नौनिहालों ने किया रांगा पहाड़ का भ्रमण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा: स्कूली बच्चों का जंगल और प्रकृति से रिश्ता मजबूत करने के उद्देश्य से पर्यावरण चेतना केंद्र, बड़ा सिगदी ने सराहनीय पहल की। रविवार को क्षेत्र के पांच सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को नूतनडीह गांव स्थित रांगा पहाड़ जंगल का शैक्षणिक परिदर्शन कराया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण चेतना केंद्र के निदेशक सिद्धेश्वर सरदार ने किया। इस दौरान बच्चों को जंगल में मिलने वाले विभिन्न पेड़-पौधों, साग-सब्जी, कंदमूल, फल-फूल और जड़ी-बूटियों की पहचान एवं उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।
इस परिदर्शन में बांगो उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सोहदा उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सादेडीह, जामडीह एवं बोराकाटा सरकारी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बच्चों को चार समूहों में बांटकर अलग-अलग दिशाओं में जंगल भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें वन उपज की जानकारी दी गई।विद्यार्थियों ने बताया कि जंगल के किनारे रहने के बावजूद कई वन सामग्रियों की जानकारी उन्हें पहली बार मिली। साथ ही जंगलों के महत्व और जलवायु परिवर्तन के बढ़ते खतरे के प्रति भी उन्हें जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में अनिता कुमारी, प्रियंका मुंडा, मानिक सरदार, गौरी सरदार, लक्ष्मी सिंह, लखविंदर सरदार, सुरेश सरदार, अर्जुन सरदार, बसंती सरदार सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया। इस अवसर पर जोबा टुडू समेत पर्यावरण चेतना केंद्र से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।
इस पहल को बच्चों में पर्यावरण जागरूकता और स्थानीय संसाधनों के प्रति समझ विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

