पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में उपायुक्त कार्यालय के समक्ष काला दिवस मनाया और विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े और काली पगड़ी पहनकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, केंद्र सरकार तथा भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग करते हुए मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं के साथ पुलिस द्वारा कथित धक्कामुक्की एवं दुर्व्यवहार की निंदा की।
पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे और रवींद्र कुमार झा ने मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा, चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कांग्रेस नेताओं ने आरोपों की निष्पक्ष जांच, दोष सिद्ध होने पर कानूनी कार्रवाई तथा मतपत्रों से मतदान की व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग दोहराई।
कार्यक्रम का संचालन एवं प्रबंधन संजय सिंह आजाद, उपाध्यक्ष (संगठन) ने किया। मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह, सुबोध सिंह सरदार, राजकिशोर यादव, राकेश तिवारी, ब्रजेन्द्र तिवारी, अखिलेश सिंह यादव, रईस रिजवी छब्बन, किशनलाल महतो, आशुतोष सिंह, शाहिद इकबाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

