हाता के होटल और मॉल में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
दुर्गापूजा के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पूर्वी सिंहभूम के खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार को हाता के विभिन्न होटल, मिठाई दुकानों और मॉल में जांच अभियान चलाया। उपायुक्त के निर्देश पर पहुंची टीम ने श्री गणेश मिष्ठान भंडार, न्यू कृष्णा स्वीट्स और पाल होटल सहित अन्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, निर्माण एवं समाप्ति तिथि तथा अनुज्ञप्ति की जांच की।
फूड इंस्पेक्टर मुन्ना कुमार, अविनाश किस्कू और राजहंस कुमार की टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, एक्सपायरी सामग्री की बिक्री नहीं करने और आवश्यक अनुज्ञप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मिठाइयों में केवल खाद्य उपयोग के लिए निर्धारित रंगों का इस्तेमाल करने, साफ-सफाई बनाए रखने और शुद्ध पेयजल का उपयोग करने पर भी जोर दिया गया।
टीम ने बताया कि दुर्गापूजा से पहले अभियान का उद्देश्य लोगों को असुरक्षित खाद्य पदार्थों के सेवन से बचाना और त्योहार के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना है।

