नीमडीह में 30 हजार सीएफटी बालू, आइशर जब्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
जिले में अवैध बालू भंडारण और परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने शनिवार को दो स्थानों पर कार्रवाई की। नीमडीह थाना क्षेत्र के हुरुपाथरडीह गांव से करीब 30 हजार सीएफटी अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया गया। वहीं, चौका घाटी में बालू का अवैध परिवहन करते एक आइशर वाहन (जेएच 05 डीजेड 2209) पकड़ा गया।
उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथि के नेतृत्व में खान निरीक्षक ने यह कार्रवाई की। जब्त बालू को आगे की कार्रवाई के लिए नीमडीह थाना तथा वाहन को चौका थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए निगरानी जारी रखने का निर्देश दिया है। खनन विभाग ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई होगी। पुलिस प्रशासन के समन्वय से अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

