पितरों के निमित्त खरकाई तट पर गूंजे वैदिक मंत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
पितृपक्ष के अंतिम दिन महालया पर शनिवार को आदित्यपुर के जयप्रकाश उद्यान स्थित खरकाई नदी तट पर सामूहिक तर्पण का आयोजन किया गया। आरती फाउंडेशन और तेजस्विनी महिला संगठन की संयुक्त पहल पर हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों लोगों ने अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति व मोक्ष के लिए प्रार्थना की।
बनारस से आए पुरोहितों ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तर्पण संपन्न कराया। आयोजन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। आयोजकों ने इसे आदित्यपुर में अपनी तरह का पहला सामूहिक तर्पण कार्यक्रम बताया।
महालया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि जिन परिवारों को अपने पूर्वजों की मृत्यु तिथि याद नहीं है, वे सर्वपितृ अमावस्या के दिन तर्पण कर सकते हैं। वार्ड 17 की पार्षद नीतू शर्मा, जो तेजस्विनी महिला संगठन की अध्यक्ष भी हैं, ने अपनी टीम के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर संगठन ने ए.के. श्रीवास्तव को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में नगर निगम के नगर आयुक्त शाहिज अनवर, मेयर संजय सरदार, झामुमो के वरिष्ठ नेता केपी सोरेन, ओम प्रकाश, जगदीश नारायण चौबे, पूनम भारती, सीमा शर्मा, सुमन शर्मा, गुड़िया सोनी और पप्पी नाग सहित अनेक गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।

