छोटा गोविंदपुर निवासी ज़ेवियर पब्लिक स्कूल के संचालक सुनील सिंह पंचतत्व में विलीन
अमरप्रीत सिंह काले सहित कई वरिष्ठ नेताओं, समाजसेवियों, शिक्षाविदों एवं आम शहरवासियों ने नम आँखों से दी अंतिम विदाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 10 अक्टूबर। छोटा गोविंदपुर निवासी ज़ेवियर पब्लिक स्कूल के संचालक एवं युवा समाजसेवी श्री सुनील सिंह आज भुइँयाडीह स्थित मुक्तिधाम में पंचतत्व में विलीन हो गए। उनकी अंत्येष्टि में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी अमरप्रीत सिंह काले सहित शहर के कई वरिष्ठ नेतागण, समाजसेवी, शिक्षा जगत से जुड़े गणमान्य लोग तथा बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे। सभी ने नम आँखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
सुनील सिंह के असमय निधन से उनके परिवार, शुभचिंतकों और शिक्षा जगत में शोक की लहर है।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सह समाजसेवी अमरप्रीत सिंह काले ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सुनील सिंह एक कर्मठ, संघर्षशील और बेहतरीन इंसान थे। इतनी कम उम्र में उनका इस तरह चले जाना अत्यंत दुखद है। उनका निधन समाज और शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
काले ने कहा, “मेरी गहरी संवेदनाएँ शोकसंतप्त परिवार के साथ हैं। महादेव से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके प्रिय सुपुत्र आर्यन राज सहित पूरे परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”
उन्होंने कहा कि सुनील सिंह भाजपा के एक समर्पित युवा नेतृत्वकर्ता थे – उनका सरल स्वभाव, कर्मठता और समाज के प्रति समर्पण सदैव याद किया जाएगा।
अंत्येष्टि में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।

