मानगो में पेयजल संकट पर जदयू सख्त, उपायुक्त ने आज रात तक समाधान का दिया आश्वासन; पानी नहीं तो बिल नहीं
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और तत्काल समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कई दिनों से विभिन्न मोहल्लों में नियमित जलापूर्ति बाधित है। मानगो पेयजलापूर्ति योजना के मुख्य वाटर वर्क्स और ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित इंटकवेल के छह में से चार पंप बंद हैं। वहीं, बालीगुमा पानी टंकी के पाइप कनेक्शन और कुमरूम बस्ती की पानी टंकी से कम जल प्रवाह के कारण भी लोगों को परेशानी हो रही है। जदयू ने कहा कि जब जनता को नियमित पानी नहीं मिल रहा है, तो पानी का बिल वसूलना उचित नहीं है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि पानी नहीं तो बिल नहीं। उपायुक्त ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक निर्देश जारी करने और आज रात तक समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया। जदयू ने चेतावनी दी कि जल्द राहत नहीं मिलने पर आम जनता के साथ लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू, नीरज सिंह, पप्पू सिंह, शेषनाथ पाठक, मानगो नगर निगम अध्यक्ष विकास साहनी, प्रकाश कोया, दीपक गौड़, प्रेम सक्सेना, पवन सिंह, हेमंत पाठक, हरबिंदर सिंह, विनोद सिंह, अभय सिंह, चुन्नू भूमिज, बबलू कुमार, अर्जुन यादव, मुश्ताक अहमद, दिनेश कुमार सिंह, अरुण कुमार श्रीवास्तव, त्रिलोचन सिंह, बृजेंद्र सिंह, शिरीन अख्तर, नीलरंजन श्रीवास्तव, अशोक कुमार, जसपाल सिंह, गणेश चंद्रा और टुनटुन सिंह सहित बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता उपस्थित थे।

