मतदाता सूची में नो-मैपिंग व विसंगतियों का होगा सत्यापन, बीएलओ घर-घर पहुंचेंगे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 30 सितंबर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में बुधवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची में नो-मैपिंग और तार्किक विसंगतियों से जुड़े मामलों की बूथवार जानकारी साझा की गई। राजनीतिक दलों को संबंधित डेटा उपलब्ध कराते हुए पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग देने की अपील की गई।
उपायुक्त ने बताया कि नो-मैपिंग एवं विसंगतियों से जुड़े मामलों के सत्यापन के लिए बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और आवश्यक दस्तावेज व प्रक्रिया की जानकारी देंगे। बैठक में उन मतदाताओं की सूची भी साझा की गई, जिन्हें पूर्व एसआईआर से संबंधित मामलों अथवा अन्य विसंगतियों के कारण नोटिस जारी किए गए थे।
वर्ष 2024 की मतदाता सूची में नाम होने और इन्यूमरेशन फॉर्म भरने के बावजूद सुनवाई में उपस्थित नहीं हो सके मतदाताओं के लिए विशेष कैंप एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जरूरत के अनुसार संबंधित पदाधिकारी स्थल सत्यापन कर उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार निर्णय लेंगे।
प्रशासन ने पीवीटीजी, दिव्यांगजन, जनजातीय समूह, वृद्ध मतदाता तथा माता-पिता का विवरण उपलब्ध नहीं होने वाले मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। बैठक में ईआरओ-सह-एडीसी, एसओआर, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

