कोलकाता में ग्राहक पंचायत के अभ्यास वर्ग में हंगामा, मारपीट का आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने 27 सितंबर को कोलकाता में पश्चिम बंगाल प्रांत के अभ्यास वर्ग के दौरान व्यवधान, तोड़फोड़ और मारपीट का आरोप लगाया है। जिला अध्यक्ष, पूर्वी सिंहभूम पप्पू सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कार्यक्रम जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के ऑडिटोरियम में अनुमति लेकर आयोजित किया गया था।
संगठन के अनुसार कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों ने नारेबाजी करते हुए विरोध किया और मंच पर पहुंचकर बैकड्रॉप बैनर फाड़ दिया। धक्का-मुक्की और मारपीट में संगठन के चार कार्यकर्ता घायल हुए, जबकि पश्चिम बंगाल प्रांत के संगठन मंत्री अंजन दास के साथ भी हाथापाई का आरोप है। पुलिस की मौजूदगी में शाम करीब 6:30 बजे कार्यकर्ताओं को परिसर से बाहर निकाला गया।
ग्राहक पंचायत ने मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी देते हुए CCTV फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर निष्पक्ष जांच की मांग की है। संगठन ने यह भी कहा कि घटना के पीछे किसी बड़े आर्थिक या अनुचित व्यापारिक हित की भूमिका की आशंका की भी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच होनी चाहिए। संगठन ने दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की है।

