शिक्षकों के सम्मान में परशुराम-सेना ने चलाया अभियान, सुधाकर ठाकुर को किया सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर, जमशेदपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को परशुराम-सेना, आदित्यपुर की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, समर्पण तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों के सम्मान का अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में परशुराम-सेना के सैनिकों ने आदित्यपुर क्षेत्र में घर-घर जाकर शिक्षकों को सम्मानित किया और उनसे आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। संगठन का उद्देश्य शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ यह संदेश देना है कि “शिक्षा से संस्कार और संस्कार से समाज निर्माण” संभव है।
अभियान के तहत भोला अखाड़ा मंदिर परिसर में शिक्षक श्री सुधाकर ठाकुर को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर परशुराम-सेना के सदस्यों ने उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
परशुराम-सेना ने कामना की कि शिक्षकों का आशीर्वाद, स्नेह और मार्गदर्शन सदैव संगठन के साथ बना रहे, ताकि समाज एवं राष्ट्र के हित में सेवा कार्यों को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जा सके।

