धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, राम मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। राजधानी समेत पूरे देश में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जमशेदपुर के महात्मा गांधी रोड स्थित राम मंदिर परिसर में भी जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर भाजपा नेत्री रौशनी सिंह राठौड़ ने राम मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से समाज में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
रौशनी सिंह राठौड़ ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर महात्मा गांधी रोड में काफी भीड़ देखने को मिली। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। दही-हांडी और बाल रूप सज्जा प्रतियोगिता ने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
पूजा-अर्चना के दौरान पूरा मंदिर परिसर “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा। आकर्षक साज-सज्जा के बीच भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा की गई। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण को झूले में विराजमान कराया गया, जहां भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ उन्हें झूला झुलाया।
जन्माष्टमी के इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और देर रात तक मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

